साफ-सुथरी राजनीति की हवाई घोषणा करनेवाले महागठबंधन की जमीनी सच्चाई आई सामने – राजेंद्र मेहता

रांची। एनडीए गठबंधन में शामिल आजसू ने भरोसा जताया है कि गिरिडीह संसदीय सीट पर उनके प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी की जीत सुनिश्चित है। आज पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में हुई बैठक में केंद्रीय महासचिव राजेंद्र मेहता ने कहा कि कल महागठबंधन की ओर से जगरनाथ महतो को इस सीट के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया है। कानूनी उलझनों में फंसे महतो के आने से एनडीए प्रत्याशी की राह अब और आसान हो गयी है। साफ-सुथरी राजनीति की हवाई घोषणा करनेवाले महागठबंधन की जमीनी सच्चाई इससे सामने आ गयी है। जगरनाथ महतो तीन बार विधायक रहने के बावजूद एक ऐसा काम डुमरी में नहीं करा सके जिसके लिए उन्हें श्रेय मिले। जो विधायक डुमरी की जवाबदेही ठीक से लेने में सक्षम नहीं, वह समुचे गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र की कैसे लेगा। लोकसभा महागठबंधन मंे शामिल अन्य दलों के कार्यकर्ताओं के साथ उनका तालमेल बनाना भी नामुमकिन है। श्री मेहता ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में कहा कि गिरिडीह की चार विधानसभा सीटों पर एनडीए गठबंधन के ही जनप्रतिनिधि हैं। ऐसे में स्वाभाविक रूप से व्यापक रूप से वोटरों का भरोसा मिलना तय है। कार्यकर्ता क्षेत्र में जनता को महागठबंधन की सच्चाई बताएं।

आजसू पार्टी ने राजग गठबंधन के घोषणापत्र के अलावा अलग से अपना एक संकल्प पत्र जारी करने का भी निर्णय लिया है। संकल्प पत्र के प्रारूप को अंतिम रूप देने के लिए केंद्रीय कार्यालय में आज समिति की बैठक हुई। इसकी तैयारी के लिए विधायक राजकिशोर महतो की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमिटी बनायी गयी है। कमिटी में डॉ यू.सी मेहता और जे.एन सिंह को शामिल किया गया है। संकल्प पत्र में झारखंड के अहम सवालों और आवाज को शामिल करने का प्रयास किया जाना है। जल, जंगल, और जमीन के अलावा गिरिडीह के सर्वांगीण विकास से जुड़े अहम मुद्दों को भी स्थान दिया जाएगा। पार्टी जल्दी ही संकल्प पत्र को अंतिम रूप देकर जारी करेगी। यह जानकारी पार्टी प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने दी।