सरहुल पर्व हमें प्रकृति से प्रेम करना सिखाता है – सुदेश महतो

आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने सरहुल के उत्सव पर झारखंड के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा है कि सरहुल पर्व हमें प्रकृति से प्रेम करना सिखाता है। साथ ही यह पर्व जीवन दृष्टि, उर्जा और सौंदर्य बोध को अभिव्यक्त करने का सशक्त प्रतिमान है। सरहुल जुलूस में लाखों लोगों का शामिल इस बात का द्योतक है कि झारखंडी जीवन में रचा बसा सरहुल एक अद्भुत त्योहार है। यहां के पेड़, पत्ते फूल, जंगल, पहाड़ जीवन के अभिन्न हिस्सा हैं। इस त्योहार के साथ हम प्रकृति के इन धरोहरों के संरक्षण संवर्धन का संकल्प भी लेते हैं। यही झारखंड की थाती है और जल, जंगल जमीन से प्यार की निशानी भी।