मुठभेड़ में शहीद जवान के घर पहुंचे सुदेश, परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया
दिनांक: 04.10.2019
प्रेस विज्ञप्ति
मुठभेड़ में शहीद जवान के घर पहुंचे सुदेश, परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया
रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो राहे के चैनपुर गांव जाकर आज तड़के दशमफॉल इलाके में हुई मुठभेड़ में झारखंड जगुआर के शहीद जवान खंजन कुमार महतो के परिजनों का ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि दुख का इस घड़ी में आजसू पार्टी शहीद परिवार के साथ खड़ी है। इसके साथ ही पुलिस के आला अफसरों से बात कर घटना की जानकारी ली।
सुदेश कुमार महतो ने कहा कि मुठभेड़ में झारखण्ड पुलिस के दो जवानों के शहादत की खबर से मर्माहत हूं। राहे की धरती के लाल की इस शहादत को सदैव याद रखा जाएगा। इससे पहले गांव पहुंचने पर शहीद खंजन कुमार महतो के घर की महिलाएं और अन्य परिजनों ने आजसू प्रमुख को सारी जानकारी दी। सुदेश महतो ने घर के सभी सदस्यों से मिलकर दुख साझा किया और कहा कि हिम्मत रखें।
शहीद खंजन कुमार महतो और शहीद अखिलेश राम जैसे वीर सपूत पर पूरे झारखंड को गर्व है। ईश्वर शहीद जवानो के आत्मा को शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति दे।


